कोरबा। जिले में पदस्थ रहे सब इंस्पेक्टर नवल साव के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर लोगों से पैसों की मांग करने का मामला सामने आया है। ठगों ने इस आईडी का इस्तेमाल कर लोगों को ठगी के जाल में फंसाने का प्रयास किया।
एसईसीएल कॉलोनी निवासी अतुल यादव को इंस्टाग्राम पर नवल साव बनकर मैसेज आया। ठग ने अर्जेंट काम बताकर 15,000 रुपए की मांग की और दो दिन में वापस करने का वादा किया। उसने अपना मोबाइल नंबर भी भेजा और फोन पे के माध्यम से भुगतान करने का दबाव बनाया। अतुल ने संदेह करते हुए यह महसूस किया कि यह फर्जी आईडी है और ठगी का शिकार होने से बच गया।
इसी तरह, बुधवारी निवासी सुमित दास महंत ने भी बताया कि उसके पास भी फर्जी आईडी से पैसों की मांग की गई। ठग ने रिश्तेदार बनकर मैसेज किया, जिससे सुमित को भी इस आईडी के फर्जी होने का संदेह हुआ।
सब इंस्पेक्टर नवल साव का अलर्ट
सब इंस्पेक्टर नवल साव ने लोगों से अपील की है कि उनके नाम का कोई संदेश या पैसों की मांग मिलने पर सावधान रहें। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में संबंधित थाना, चौकी या साइबर सेल में तुरंत शिकायत करें।
नवल साव पहले सीएसईबी चौकी प्रभारी रह चुके हैं और जिले के अन्य थाना-चौकियों में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वर्तमान में वे रायपुर क्षेत्र में पदस्थ हैं।
साइबर ठगी से बचाव के लिए जागरूकता अभियान
कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि पुलिस द्वारा साइबर ठगी से बचने के लिए लगातार जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत स्कूल, कॉलेज, सार्वजनिक स्थानों, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर लोगों को साइबर सुरक्षा और ठगी से बचने की जानकारी दी जा रही है।



