कोरबा में एक युवती की शिकायत पर कांग्रेस नेत्री के बेटे के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। युवती ने आरोप लगाया है कि युवक ने शादी का झांसा देकर उसका दैहिक शोषण किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धारा 376 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शक्ति जिले के जैजैपुर निवासी 25 वर्षीय हेमंत चंद्रा की दोस्ती 2019 में कोरबा की 22 वर्षीय युवती से फेसबुक पर हुई थी। यह दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई।

शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए
युवती का आरोप है कि हेमंत ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती ने शादी के लिए दबाव डाला, तो युवक ने इनकार कर दिया। इसके बाद युवती ने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
युवती ने बताया कि युवक कई सालों तक परिवार को मनाने के बाद शादी करने का आश्वासन देता रहा। लेकिन अब वह शादी से मुकर गया है।
युवक जैजैपुर में डी-मार्ट के पास रहता है और एक पेट्रोल पंप का संचालन करता है।

अब दूसरी युवती से शादी की तैयारी में है आरोपी
युवती के अनुसार, युवक कई बार कोरबा उसके घर आ चुका है। कुछ महीने पहले भी वह आया था। इससे पहले वह युवती को बिलासपुर के एक होटल में भी ले गया था।
युवती ने यह भी बताया कि हेमंत चंद्रा की मां जैजैपुर में कांग्रेस की एक प्रमुख नेत्री हैं। हेमंत चंद्रा अब किसी अन्य युवती से शादी करने की तैयारी में है। पीड़िता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज
कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





















