कोरबा। थाना उरगा क्षेत्र के ग्राम कुदरी में सामने आए सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। तंत्र-मंत्र के जरिए रुपये दोगुने-चौगुने करने का झांसा देकर तीन लोगों की नायलॉन रस्सी से गला घोंटकर हत्या की गई थी। पुलिस ने इस मामले में मुख्य तांत्रिक समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में गठित विशेष जांच टीम ने मामले की गहन जांच की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा भूषण एक्का एवं नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल पाठक के मार्गदर्शन में की गई विवेचना में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।
फार्म हाउस में हुई थी वारदात
दिनांक 11 दिसंबर 2025 को ग्राम कुदरी स्थित एक फार्म हाउस में तीन व्यक्तियों की संदिग्ध मौत की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतकों की पहचान नितेश रात्रे, असरफ मेमन और सुरेश साहू के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध लगने पर विशेष टीम गठित की गई।
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी तांत्रिक आशीष दास ने तंत्र-मंत्र के जरिए 5 लाख रुपये को 2 करोड़ 50 लाख रुपये करने का लालच दिया था। इसी झांसे में आकर तीनों मृतकों को असरफ मेमन के फार्म हाउस में बुलाया गया।
तंत्र-मंत्र की आड़ में हत्या
10 दिसंबर की रात आरोपी आशीष दास तंत्र-मंत्र की सामग्री लेकर फार्म हाउस पहुंचा। उसने एक कमरे में पूजा-प्रक्रिया का बहाना बनाकर मृतकों को बारी-बारी से अंदर बुलाया। बाहर खड़े सह-आरोपियों ने नायलॉन रस्सी खींचकर एक-एक कर तीनों का गला घोंट दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतकों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में तीनों की मौत का कारण नायलॉन रस्सी से गला घोंटने के कारण दम घुटना (Asphyxia due to ligature strangulation) पाया गया तथा मृत्यु की प्रकृति हत्या (Homicidal) बताई गई।
छह आरोपी गिरफ्तार
थाना उरगा में अपराध क्रमांक 544/2025 धारा 103(1), 61(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने साक्ष्य, तकनीकी विश्लेषण और आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से नायलॉन रस्सी, तंत्र-मंत्र की सामग्री, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल, स्कूटी, इनोवा कार और 5 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार मामले में आगे की विवेचना जारी है। यह घटना अंधविश्वास और लालच के खतरनाक परिणामों की एक और भयावह मिसाल बनकर सामने आई है।




