कोरबा। कोरबा जिले के नवपदस्थ कलेक्टर माननीय कुणाल दुदावत से समाजसेवक प्रदीप जायसवाल एवं जनपद सदस्य मीनू दिग्विजय सिंह ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में भिलाई बाजार से कुसमुंडा डीएवी स्कूल के पास तक संचालित परिवहन सुविधा के नवनिर्धारण (नवीनीकरण) एवं एक अतिरिक्त ट्रिप बढ़ाने की मांग की गई। इसके साथ ही भिलाई बाजार से नराइबोध तक की जर्जर सड़क की मरम्मत कराए जाने का आग्रह भी किया गया।
प्रतिनिधियों ने बताया कि परिवहन सुविधा सीमित होने के कारण आम नागरिकों, विद्यार्थियों और कामकाजी लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं सड़क की खराब स्थिति से आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।





