गेवरा-दीपका | ओबीसी समाज के प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष आरएस विश्वकर्मा से मुलाकात की। इस दौरान कोल इंडिया की सहयोगी कंपनी एसईसीएल में ओबीसी वर्ग को 27 फीसदी आरक्षण का लाभ नहीं मिलने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि आरक्षण लागू न होने से समाज के युवाओं को लगातार नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ओबीसी समाज की ओर से एसईसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में बने कार्यालयों के उद्घाटन के लिए आयोग के अध्यक्ष को आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम में शामिल होने का आयोग के अध्यक्ष विश्वकर्मा ने भरोसा दिलाया। उन्होंने आश्वस्त किया कि एसईसीएल प्रबंधन को रोस्टर रजिस्टर की जांच के लिए पत्र जारी किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में ओबीसी समाज के एसईसीएल जोन स्तरीय संगठन मंत्री राजेंद्र पटेल, गेवरा कार्यकारी अध्यक्ष सीताराम साहू, ओबीसी संगठन महासचिव (कोल इंडिया) जय बहादुर सिंह यादव समेत अन्य मौजूद रहे।





















