कोरबा बालको रेंज में वन विभाग की टीम ने जंगल से पेड़ों की अवैध कटाई कर चिरान बनाकर घर में रखी 2 लाख कीमती लकड़ी जब्त की है। इसमें तीन लोगों के खिलाफ वन संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
ग्राम गढ़कटरा में साल और बीजा की लकड़ी घर में रखने की सूचना प्राप्त हुई थी। कोरबा डीएफओ प्रेमलता यादव ने बारको रेंजर जयंत सरकार और पसरखेत रेंजर देवदत्त खांडे के नेतृत्व में टीम बनाई थी। गुरुवार को टीम ने तीन घरों में छापामार कार्रवाई की। टीम ने हरियर सिंह पिता समार साय के घर से बीजा और साल प्रजाति के 40 लाख चिरान, राम साय पिता चमरा साय के घर से 58 चिरान और 4 लट्ठे, आनंद सिंह पिता हरिहर सिंह के घर से बीजा और साल प्रजाति के 53 चिरान जब्त किया। इस तरह 163 चिरान और लट्ठे जब्त तक किए। इसकी मात्रा 3.37 घन मीटर है। इसकी कीमत 2 लाख से भी अधिक है। इस कार्रवाई में बालको, पसरखेत के साथ लेमरू और कोरबा रेंज के अधिकारी-कर्मचारी भी शामिल रहे।




















