कोरबा। जिला पुलिस महकमे में महज 24 घंटे के भीतर एक बड़ा और चौंकाने वाला प्रशासनिक उलटफेर देखने को मिला है। पुलिस अधीक्षक (SP) सिद्धार्थ तिवारी ने कल ही जारी किए गए अपने तबादला आदेश में बड़ा संशोधन करते हुए एक नया आदेश जारी कर दिया है। इस नए फैसले के बाद कोरबा शहर कोतवाली के प्रभारी को लेकर पिछले 24 घंटे से बनी असमंजस की स्थिति अब पूरी तरह साफ हो गई है।
डीएन तिवारी भेजे गए लाइन, डडसेना को कमान
संशोधित आदेश के अनुसार, महकमे ने एक दिन पहले ही शहर कोतवाल के रूप में पदस्थ किए गए निरीक्षक धरम नारायण (डीएन) तिवारी को तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र (लाइन) भेज दिया है। वहीं, अब उनकी जगह प्रमोद डडसेना को कोरबा शहर कोतवाली की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गलियारों में अटकलों का बाजार गर्म
एसपी के इस त्वरित फैसले ने न सिर्फ पुलिस महकमे को चौंका दिया है, बल्कि शहर के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। महज एक दिन के भीतर ट्रांसफर ऑर्डर में इस तरह के यू-टर्न को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, पुलिस विभाग की ओर से इस अचानक हुए संशोधन के पीछे की आधिकारिक वजहों का खुलासा नहीं किया गया है, इसे प्रशासनिक आवश्यकता बताया जा रहा है।
चुनौतियों से भरा होगा डडसेना का कार्यकाल
संशोधित आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। अब औद्योगिक नगरी कोरबा शहर की कानून-व्यवस्था की पूरी कमान प्रमोद डडसेना के हाथों में होगी। ऐसे में शहर में बढ़ते अपराधों पर लगाम कसने, सुस्त पड़ी यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और लंबे समय से पेंडिंग मामलों के त्वरित निपटारे को लेकर उनके आगामी कदमों पर हर किसी की नजर टिकी रहेगी।
बने रहिए हमारी अगली ख़बर में
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.



