कोरबा, करतला, करतला थाना क्षेत्र के ग्राम पीडिया में हाथी के हमले से एक युवक की मौत हो जाने से पूरे गांव में मातम पसर गया है। मृतक का नाम जहाज सिंह राठिया बताया जा रहा है।
घटना आज गुरूवार सुबह की है। जानकारी के अनुसार जहाज सिंह रोज की तरह घर के पास स्थित जंगल में पुटु बीनने गया था। इसी दौरान अचानक जंगल में विचरण कर रहे एक दंतैल हाथी ने उस पर हमला कर दिया। हाथी के हमले से जहाज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास काम कर रहे ग्रामीणों ने शोर सुना तो मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सूचना मिलते ही करतला थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
गांव में शोक की लहर
जहाज सिंह की मौत की खबर सुनते ही पूरे पीडिया गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि जहाज सिंह परिवार का इकलौता कमाने वाला था। उसके जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
लगातार बढ़ रही है हाथी-मानव संघर्ष की घटनाएं
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों से इस क्षेत्र में हाथियों का आवागमन काफी बढ़ गया है। जंगल से सटे गांवों में हाथी अक्सर फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं और कभी-कभी लोगों पर भी हमला कर देते हैं। वन विभाग ने पहले भी लोगों को जंगल में समूह में जाने और सतर्क रहने की हिदायत दी थी।
वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि मृतक के परिजनों को शासन के नियम अनुसार त्वरित आर्थिक सहायता और मुआवजा दिलाया जाएगा। साथ ही हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने के लिए टीम तैनात की गई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्टर जितेन्द्र महंत



