शिक्षा किसी भी विद्यार्थी के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। आर्थिक परिस्थितियां प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की राह में बाधा न बनें, इसी उद्देश्य से जिला खनिज संस्थान न्यास, कोरबा द्वारा संचालित स्वामी विवेकानंद जिला खनिज न्यास शिक्षा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को शैक्षणिक एवं हॉस्टल शुल्क के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।
इसी क्रम में कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने पात्र विद्यार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए। योजना के अंतर्गत पांच विद्यार्थियों के लिए कुल 3 लाख 23 हजार 140 रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। संबंधित विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं हॉस्टल शुल्क की जरूरतों को पूरा करने के लिए यह राशि प्रदान की गई है।
प्राप्त विवरण के अनुसार लेखराज चौहान को 52 हजार 560 रुपये, आरती शर्मा को 46 हजार 540 रुपये, मयंक बंजारे को 46 हजार 540 रुपये, अंजली यादव को 49 हजार 500 रुपये तथा सरस्वती गेंदले को 01 लाख 28 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है।





















