बिलासपुर में अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ तारबाहर पुलिस और ACCU ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 38 नग आनरेक्स कफ सिरप और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध नशे के कारोबार और उससे जुड़े अपराधों की रोकथाम के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (IPS) के निर्देश पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली गगन कुमार (IPS) के मार्गदर्शन में तारबाहर थाना और ACCU की संयुक्त टीम नशीली सिरप की अवैध बिक्री करने वालों की तलाश में जुटी थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कंस्ट्रक्शन कॉलोनी में दुर्गा पंडाल के पास एक व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप लेकर ग्राहक की तलाश कर रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और इरफान अली उर्फ बाबू (34) को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 38 नग आनरेक्स कफ सिरप बरामद हुई। पुलिस ने एक मोबाइल फोन भी जब्त किया।
पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर नशीली सिरप झारसुगुड़ा से लाकर बिक्री करने की बात बताई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 299/2026, धारा 21(C), 22 एवं 29 NDPS Act के तहत कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
🚨 बिलासपुर पुलिस की नशे के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है।
























