कोरबा के कोतवाली थाना इलाके में घरेलू हिंसा की एक गंभीर घटना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी। पारिवारिक विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने आपा खोते हुए अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई उसकी मां और बहन भी हमले का शिकार हो गईं।
जानकारी के मुताबिक, वैष्णोदेवी मंदिर के पास रहने वाले रामेश्वर साहू का अपनी पत्नी सुकृता साहू से किसी बात पर तीखा विवाद हो गया। कहा जा रहा है कि बहस बढ़ने पर उसने पत्नी को कमरे के अंदर बंद कर दिया और उस पर चापड़ से ताबड़तोड़ वार कर दिए।
सुकृता की चीखें सुनकर उसकी सास सांवन् साहू और ननद निर्मला साहू मदद के लिए दौड़ीं। उन्होंने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं।
शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और तुरंत पुलिस व डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया और तीनों घायल महिलाओं को अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों के अनुसार, तीनों की हालत नाजुक बनी हुई है, खासकर सुकृता साहू की स्थिति बेहद चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





















