कोरबा, 24 फरवरी 2026। जिले की सभी स्वीकृत रेत खदानों में अब पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर खनिज विभाग ने जिले की 20 रेत खदानों में आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त कर दी हैं।
हर खदान के मुख्य मार्ग और खदान क्षेत्र के पास उत्खनन पट्टा विवरण से जुड़ी जानकारी वाली पट्टिकाएं लगा दी गई हैं। इन बोर्डों पर खदान की स्वीकृति, संचालन अवधि और अन्य जरूरी जानकारी दर्ज है, ताकि आम नागरिकों को स्पष्ट जानकारी मिल सके।
इसके अलावा खदान क्षेत्र की शुरुआती और अंतिम सीमा को चिन्हित करते हुए दोनों ओर बोर्ड लगाए गए हैं। इससे खदान की परिसीमा स्पष्ट रहेगी और अनधिकृत उत्खनन पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। दिशा-सूचक पट्टिकाएं भी स्थापित की गई हैं, जिससे निरीक्षण और आवागमन में सुविधा होगी।
उप संचालक खनिज विभाग प्रमोद कुमार नायक ने बताया कि अवैध उत्खनन और परिवहन पर नियंत्रण के लिए निगरानी तंत्र को मजबूत किया गया है। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है।
रेत खदानों से जुड़ी किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना इन मोबाइल नंबरों पर दी जा सकती है:
प्रेम राजपूत – 8770924807
संजू लहरे – 8839538188
छतसिंह खैरवार – 9753266726
श्रावकुमार श्रीवास – 7447063227
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और अवैध उत्खनन पर रोक के लिए प्रशासन सख्त रुख अपनाए हुए है।





















