(कोरबा) जिले में हाल ही में प्रशासन द्वारा सड़क सुरक्षा माह मनाकर लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई थी। विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने की सख्त हिदायत दी गई थी। इसके बावजूद नियमों की खुलेआम अनदेखी सामने आ रही है।
हरदीबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुमया में एक नाबालिग को बिना नंबर प्लेट के ट्रैक्टर फर्राटे से चलाते देखा गया। ग्रामीणों के अनुसार उक्त ट्रैक्टर से अवैध रूप से रेत परिवहन कराया जा रहा है। पूछताछ में नाबालिग ने ट्रैक्टर मालिक का नाम योगेश बीयर बताया।
गांव में नाबालिग द्वारा भारी वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि दुर्घटना की आशंका भी बढ़ाता है। बिना नंबर प्लेट वाहन चलाना और अवैध परिवहन जैसे मामलों ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है, ताकि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके।