कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के जनपद पंचायत पाली से भ्रष्टाचार का एक गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत सिल्ली में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन का जमकर दुरुपयोग किए जाने के आरोप लग रहे हैं। इस पूरे खेल में वर्तमान सरपंच और सचिव संतोष राव की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
शातिर सचिव और सरपंच की जुगलबंदी
स्थानीय ग्रामीणों और शिकायतों के अनुसार, सचिव संतोष राव और वर्तमान सरपंच की मिलीभगत से पंचायत के फंड में भारी हेरफेर किया गया है। विशेष रूप से पेयजल व्यवस्था और प्रशासकीय व्यय के नाम पर ऐसी राशि निकाली गई है, जिसका धरातल पर कोई ठोस काम नजर नहीं आता।
पुराना है भ्रष्टाचार का नाता
सचिव संतोष राव पर आरोप है कि यह उनकी पहली गड़बड़ी नहीं है। इससे पहले तत्कालीन सरपंच के कार्यकाल में भी उन्होंने लाखों रुपये का भ्रष्टाचार किया था। वर्तमान में संतोष राव के पास सिल्ली के साथ-साथ ग्राम पंचायत शिवपुर का भी प्रभार है। चर्चा है कि शिवपुर में भी उन्होंने अपनी मनमानी चलाते हुए वित्तीय अनियमितताएं की हैं।
शिकायतों पर प्रशासन का ‘मौन’
सिल्ली के पूर्व उपसरपंच ने इस भ्रष्टाचार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जनपद पंचायत से लेकर जिला पंचायत और कलेक्टर तक लिखित शिकायत दर्ज कराई है। लेकिन हैरानी की बात यह है कि लंबी शिकायत के बावजूद अब तक कार्रवाई शून्य है।
“अधिकारियों की चुप्पी यह संकेत देती है कि कहीं न कहीं इस गड़बड़झाले को मूक सहमति मिली हुई है, जिससे दोषियों के हौसले बुलंद हैं।” — ग्रामीणों का आक्रोश





















