कोरबा, 17 नवम्बर 2025।
कोरबा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले सक्रिय गैंग पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 चोरी की मोटरसाइकिल, SECL के 6 चोरी किए गए रोलर जप्त कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी जय सिंह पटेल 10 मामलों में वांछित बताया जा रहा है।
दिपका थाना क्षेत्र में दर्ज अपराध क्रमांक 405/2025 धारा 303(2), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नीतिश ठाकुर, एवं नगर पुलिस अधीक्षक दर्री श्री विमल कुमार पाठक के निर्देशन में यह सफल अभियान चलाया गया।
कैसे पकड़ा गया गिरोह?
प्रार्थी मो. असलम द्वारा SECL दीपका खदान से रोलर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट के बाद दीपका पुलिस ने जांच शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना पर मुख्य आरोपी जय सिंह पटेल को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर—
- SECL दीपका खदान से रोलर चोरी
- दीपका थाना क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी
- कुसमुंडा थाना व सर्वमंगला चौकी क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी
करने की बात कबूल की।
आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने 14 मोटरसाइकिल और 6 चोरी के रोलर बरामद किए।
गिरफ्तार आरोपी
- जयसिंह पटेल पिता मोहन सिंह पटेल, उम्र 27 वर्ष, कोहड़िया थाना सिविल लाइन रामपुर
- अनस खान पिता चांद खान, उम्र 24 वर्ष, नया बस स्टैंड पाली
- शिवचरण पिता स्व. जगन राम, उम्र 31 वर्ष, रेनापुर
- रामप्रसाद रोहिदास पिता किरीट राम, उम्र 25 वर्ष, झाबर
- लालजी यादव पिता स्व. राम सिंह यादव, उम्र 30 वर्ष, चैनपुर
- इमरान अंसारी पिता शमीम अंसारी, उम्र 21 वर्ष, ज्योति नगर दीपका
- सुनील देवार पिता राजेंद्र देवार, उम्र 25 वर्ष, देवारपारा बलोदा, जिला जांजगीर-चांपा
सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जप्त सामग्री (मुख्य विवरण)
पुलिस ने जिन 14 मोटरसाइकिलों को बरामद किया है, उनमें
होंडा एक्टिवा, हीरो प्लेजर, बजाज पल्सर 150, हीरो स्प्लेंडर, टीवीएस स्टार सिटी, होंडा शाइन, हीरो HF डीलक्स समेत कई मॉडल शामिल हैं।
सभी वाहनों के इंजन और चेसिस नंबर पुलिस रिकॉर्ड में अंकित किए गए हैं।
इसके अलावा SECL के 6 चोरी हुए रोलर भी जप्त किए गए हैं।
पुलिस की सख्त कार्रवाई से वाहन चोरों में हड़कंप
लगातार शिकायतों के बाद कोरबा पुलिस की यह कार्रवाई बड़े चोरी नेटवर्क पर करारी चोट मानी जा रही है। पुलिस की इस सफलता से आम नागरिकों में भी राहत की भावना है।


