रायगढ़,14 फरवरी(। रायगढ़ पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगाकर धान परिवहन और रोड टैक्स चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए ट्रक मालिक और ट्रांसपोर्टर के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है। मामला रायगढ़ जिले के खरसिया क्षेत्र का है, जहां सुमित्रा राइस मिल परिसर में खड़े एक ट्रक की जांच के दौरान पूरा फर्जीवाड़ा सामने आया
जांच के दौरान मौके पर मौजूद चालक ओमप्रकाश कौशिक से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने वाहन मालिक का नाम कपिल शर्मा उर्फ राजा निवासी खरसिया बताया। वाहन मालिक को बुलाकर जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने स्वीकार किया कि वर्ष 2021 में उसने ट्रक क्रमांक CG 11 AB 3370 खरीदा था, जिसका रोड टैक्स वर्ष 2019 से लंबित था।
आरोपी ने रोड टैक्स अदा करने से बचने के लिए अपने ट्रक की नंबर प्लेट बदल दी और दूसरे वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर CG 13 AW 3051 लगाकर धान परिवहन कार्य में उपयोग करना शुरू कर दिया। पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ कि शासन को राजस्व क्षति पहुंचाने के उद्देश्य से जानबूझकर फर्जी नंबर प्लेट का उपयोग किया जा रहा था।
मामले में खरसिया थाने में अपराध क्रमांक 57/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि राजस्व चोरी और आपराधिक गतिविधियों में शामिल तत्वों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





















