कोरबा में शराब पीने की लत पूरी करने के लिए तीन दोस्तों ने एक एक्टिवा स्कूटर चुरा ली। मानिकपुर चौकी पुलिस ने तीनों आरोपियों को वाहन सहित गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह घटना पोखरी पारा गायत्री नगर बस्ती क्षेत्र में हुई।
जानकारी के अनुसार, पोखरी पारा गायत्री नगर बस्ती निवासी पंचराम यादव शुक्रवार को टीपी नगर गए थे। वापस आने पर उन्होंने अपनी एक्टिवा घर के बाहर खड़ी कर दी और भोजन करने अंदर चले गए।
थोड़ी देर बाद जब वे बाहर आए, तो एक्टिवा अपनी जगह पर नहीं थी। पंचराम ने आसपास पूछताछ की और वाहन की तलाश की, लेकिन जब एक्टिवा नहीं मिली, तो उन्होंने मानिकपुर चौकी में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने तीनों युवकों को पकड़ा
शिकायत मिलने के बाद मानिकपुर चौकी पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बस्ती में ही रहने वाले तीन युवक चोरी की एक्टिवा पर सवार होकर घूम रहे हैं। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों युवकों को उसी क्षेत्र से पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने एक्टिवा चोरी करने की बात कबूल कर ली।
शराब पीने के लिए की चोरी
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गायत्री नगर पोखरी पारा बस्ती निवासी सूरज यादव, सुरेंद्र दास और वीरेंद्र दास के रूप में हुई है। सुरेंद्र दास और वीरेंद्र दास दोनों भाई हैं। तीनों दोस्त हैं और उन्होंने शराब पीने की अपनी लत को पूरा करने के लिए इस चोरी की घटना को अंजाम दिया था। वे चोरी किए गए वाहन को बेचकर शराब पार्टी करने की फिराक में थे।
मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि पंचराम यादव की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की थी। आरोपियों को चोरी की एक्टिवा पर घूमते हुए पकड़ा गया। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए तीनों को जेल भेज दिया गया है और चोरी किया गया वाहन जब्त कर लिया गया है।





















