कोरबा में वन विभाग ने अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ कार्रवाई की है। कटघोरा वनमंडल के पसान वनपरिक्षेत्र में साल प्रजाति की 3 लाख रुपए की लकड़ी और 20 लाख रुपए का ट्रक जब्त किया गया। ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
यह कार्रवाई शनिवार, 21 फरवरी की देर रात ग्राम रामपुर क्षेत्र में की गई। वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि राजस्व क्षेत्र में काटी गई साल की लकड़ी का परिवहन एक ट्रक से किया जा रहा है।
सूचना मिलने पर वनमंडलाधिकारी के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई। उप वनमंडलाधिकारी के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र अधिकारी पसान, वनपाल ईश्वरदास मानिकपुरी, वनपाल कौशल प्रसाद द्विवेदी और सुरक्षा श्रमिक भीमसेन सहित वन अमले ने घेराबंदी की।



ड्राइवर ट्रक को लावारिस छोड़कर हुआ फरार
रात लगभग 1:40 बजे कक्ष क्रमांक ओ.ए. 650 क्षेत्र में वनोपज परिवहन करते वाहन का पीछा किया गया। रामपुर से धवलपुर मार्ग पर कुछ दूर जाने के बाद ड्राइवर ट्रक को लावारिस छोड़कर फरार हो गया। ट्रक से साल प्रजाति के कुल 15 लट्ठे बरामद हुए, जिनकी मात्रा लगभग 6.50 घन मीटर है।
ट्रक से 3 लाख की लकड़ी जब्त
जब्त लकड़ी की अनुमानित कीमत 3 लाख रुपए और ट्रक (एमपी17 एचएच 3677) की कीमत करीब 20 लाख रुपए आंकी गई है। वन विभाग ने भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 52, 55, 42(आई)(ई) तथा छत्तीसगढ़ अभिवहन (वनोपज) नियम की धारा 3 एवं 16 के तहत वन अपराध प्रकरण दर्ज कर वाहन को परिक्षेत्र कार्यालय लाया है।
कटघोरा डीएफओ निशांत कुमार ने बताया कि जब्त वाहन पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और फरार चालक की तलाश जारी है। वन विभाग ने अवैध लकड़ी कटाई और परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।




















