पिछले कुछ सालों से फिल्ममेकर पुरानी फिल्मों के सीक्वल बनाकर करोड़ों रुपये कमा रहे हैं। अब तक कई पुरानी फिल्मों के सीक्वल बन चुके हैं। इस साल सनी देओल की फिल्म बॉर्डर 2 आई है, जो 1997 में रिलीज़ हुई बॉर्डर का सीक्वल है। बॉर्डर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर कमाई के कई रिकॉर्ड बनाए हैं। बहुत जल्द भागम भाग, घातक, आवारापन सहित कई फिल्मों के सीक्वल आने वाले हैं। इसी बीच गोविंदा और संजय दत्त की एक कॉमेडी फिल्म के सीक्वल बनने की खबर सामने आ रही है।
90 के दशक में गोविंदा और संजय दत्त की फिल्मों को दर्शक बेहद पसंद करते थे। 1999 में दोनों हसीना मान जाएगी फिल्म में साथ नजर आए थे। यह एक कॉमेडी फिल्म थी, जिसे लोगों ने खूब सराहा था। बॉक्स ऑफिस पर भी यह फिल्म सफल रही थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक अब इसी फिल्म का सीक्वल बनने वाला है। हसीना मान जाएगी 2 की तैयारी शुरू हो चुकी है।
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक हसीना मान जाएगी 2 की स्क्रिप्ट पर काम चल रहा है। सीक्वल में ओरिजिनल फिल्म की आत्मा को बरकरार रखा जाएगा, लेकिन कहानी को आज की ऑडियंस के हिसाब से अपडेट किया गया है। इस फिल्म को फरहाद सामजी लिख रहे हैं और वही इसे डायरेक्ट भी करेंगे।
हसीना मान जाएगी 2 पर काम बहुत जल्द शुरू होने वाला है। मेकर्स मार्च से कास्टिंग शुरू करेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बार सीक्वल में गोविंदा और संजय दत्त नजर नहीं आएंगे। मेकर्स नए जेनरेशन के टॉप कलाकारों के साथ फिल्म बनाने की प्लानिंग कर रहे हैं।





















