कोरबा के दर्री थाना क्षेत्र स्थित पावर सिटी कॉलोनी में एक ही रात में दो घरों में चोरी की वारदात हुई है। चोर ठेकेदार और सीएसईबी के रिटायर्ड कर्मी के मकानों से सोने के बिस्कुट, जेवरात और नकदी सहित लाखों रुपये का सामान लेकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
दर्री थाना प्रभारी आशीष सिंह ने बताया कि चोरी की घटना सामने आई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक विशेषज्ञों को भी बुलाया था और घटनाक्रम की जानकारी लेकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

पहली चोरी की वारदात
सीएसईबी के रिटायर्ड कर्मी एच.एस. पटेल का परिवार कुछ दिनों पहले रायगढ़ गया हुआ था। घर पर ताला लगा था। उनकी बेटी, जो दर्री क्षेत्र में रहती है, जब किसी काम से पावर सिटी कॉलोनी स्थित घर आई तो उसने ताला टूटा हुआ देखा। उसने तुरंत अपने पिता को इसकी सूचना दी। पटेल अगले दिन कोरबा पहुंचे और चोरी की पुष्टि हुई।
दूसरी चोरी की वारदात
एच.एस. पटेल ने पुलिस को बताया कि उनके घर से 10,000 रुपये नकद, सोने की चेन और कुछ चांदी के सामान चोरी हुए हैं। उन्होंने लगभग 2 लाख रुपये की चोरी का अनुमान लगाया है।
इसी कॉलोनी में रहने वाले वीरेंद्र द्विवेदी के घर भी चोरी हुई। होली के बाद से वीरेंद्र द्विवेदी और उनकी पत्नी अपने बेटे के पास रायपुर गए हुए थे। पड़ोसियों ने उन्हें फोन पर घर का ताला टूटा होने की जानकारी दी, जिसके बाद वे कोरबा लौटे।
वीरेंद्र द्विवेदी ने बताया कि उनके घर से सोने के बिस्कुट, जेवरात और अन्य कीमती सामान चोरी हुए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 6 लाख रुपये है। चोरों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़ दिया था। बताया जा रहा है कि चार नकाबपोश बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया।

