कोरबा। छत्तीसगढ़ में दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मांग सामने आई है। छत्तीसगढ़ दिव्यांग शासकीय अधिकारी/कर्मचारी संघ कोरबा के जिला अध्यक्ष प्रकाश खाकसे ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर के महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर राज्य के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) के संचालन की जिम्मेदारी दिव्यांगजनों को देने की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया है कि हाल ही में रेलवे द्वारा मध्यप्रदेश के ग्वालियर सहित अन्य प्रमुख स्टेशनों पर ATVM संचालन का कार्य दिव्यांगजनों को सौंपा गया है, जो एक सराहनीय पहल है। इससे दिव्यांगजनों को सम्मानजनक रोजगार मिलने के साथ-साथ वे आत्मनिर्भर बन रहे हैं।
प्रकाश खाकसे ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि यह योजना उन दिव्यांगजनों के लिए विशेष रूप से लाभकारी है, जिनकी गतिशीलता सीमित है। ATVM संचालन से उन्हें स्थायी आय का स्रोत मिलेगा, वहीं यात्रियों को भी टिकट लेने में सुविधा होगी और लंबी कतारों से राहत मिलेगी।
संघ ने मांग की है कि इस जनकल्याणकारी योजना को छत्तीसगढ़ के प्रमुख रेलवे स्टेशनों—बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, कोरबा सहित अन्य स्थानों—पर भी लागू किया जाए और दिव्यांगजनों को प्राथमिकता के आधार पर यह जिम्मेदारी दी जाए।
संघ का कहना है कि यदि यह योजना छत्तीसगढ़ में लागू होती है, तो इससे दिव्यांगजन सशक्त होंगे और समाज की मुख्यधारा में उनकी भागीदारी और मजबूत होगी।


