अकलतरा अपडेट | 1 सितंबर 2026
जांजगीर-चांपा जिला पंचायत अध्यक्ष इंजीनियर सत्यलता आनंद मिरी की कार का मंगलवार सुबह सिमगा के पास नेशनल हाईवे पर भीषण एक्सीडेंट हो गया। हादसा उस वक्त हुआ, जब सत्यलता आनंद मिरी रायपुर से जांजगीर लौट रही थीं।
जानकारी के मुताबिक, नेशनल हाईवे पर अचानक एक गाय दौड़ती हुई सड़क पर आ गई और कार के सामने पहुंच गई। गाय को बचाने के प्रयास में चालक ने कार को मोड़ने की कोशिश की, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसे में सत्यलता आनंद मिरी बाल-बाल बच गईं। टक्कर के दौरान कार के एयरबैग खुल गए, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।
बताया जा रहा है कि हादसा आज सुबह करीब 11:45 बजे हुआ। टक्कर के बाद गाय कुछ देर सड़क पर पड़ी रही, जिसके बाद वह उठकर वहां से चली गई।
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मदद की। फिलहाल सत्यलता आनंद मिरी के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है।



















