कबीरधाम : नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कबीरधाम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चिल्फी थाना पुलिस ने अंतर्राज्यीय सीमा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर ट्रक से 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 23 लाख 75 हजार 250 रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में पंजाब निवासी बलजीत सिंह को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज श्री अजय यादव के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक कबीरधाम श्री जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) के नेतृत्व में जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित पटेल के सतत पर्यवेक्षण तथा एसडीओपी प्रशांत देवांगन के दिशा-निर्देशन में चिल्फी क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही थी।
31 अगस्त 2026 को थाना चिल्फी के सामने एनएच-30 मेन रोड पर पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बोड़ला की ओर से आ रहे एक कंटेनर ट्रक को रोककर जांच की गई। वाहन में सवार व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना नाम बलजीत सिंह, निवासी अमृतसर, पंजाब बताया।
संदेह के आधार पर पुलिस ने कंटेनर की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान ड्राइवर सीट के ऊपर बनाए गए विशेष गुप्त चेंबर में खाकी रंग के टेप से लिपटे पैकेट मिले। पैकेटों को खोलकर जांच करने पर उनमें भारी मात्रा में गांजा पाया गया। तौल कराने पर गांजे की कुल मात्रा 447 किलो 445 ग्राम निकली।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजे के अलावा 27 लाख रुपये कीमत का कंटेनर ट्रक और करीब 5 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन भी जब्त किया। इस तरह कार्रवाई में कुल 2 करोड़ 50 लाख 80 हजार 250 रुपये का मशरूका जब्त किया गया।
आईजी ने पुलिस टीम को दिया 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार,,,
कार्रवाई की सफलता पर पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज श्री अजय यादव ने कबीरधाम पुलिस एवं थाना चिल्फी की टीम की सतर्कता और तत्परता की सराहना करते हुए 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत किया। उन्होंने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ इसी तरह प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए।
तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, एएनटीएफ टीम द्वारा गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क के संबंध में पूछताछ एवं जांच की जा रही है। पुलिस इस बात का भी पता लगा रही है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी चिल्फी निरीक्षक बीरेन्द्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक बीरबल साहू, आरक्षक सुनील मरावी, जितेंद्र चन्द्रवंशी, पंकज यादव, दिलीप जायसवाल सहित थाना चिल्फी पुलिस एवं एएनटीएफ टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













