कोरबा। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 14 अमरिया पारा में सार्वजनिक मार्ग पर कथित अवैध निर्माण और अतिक्रमण का मामला अब विरोध प्रदर्शन तक पहुंच गया है। वार्डवासियों ने नगर निगम कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने भी आंदोलन को समर्थन देते हुए सार्वजनिक रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि नवधा पंडाल के समीप मुख्य मार्ग पर मकान, कॉलम और दीवार निर्माण के चलते सड़क की चौड़ाई प्रभावित हो रही है। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ एंबुलेंस, स्कूल बस और अन्य वाहनों की आवाजाही में परेशानी होने की बात कही गई।
वार्डवासियों के मुताबिक इस संबंध में पहले भी नगर निगम प्रशासन को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण लोगों में नाराजगी बढ़ी। इसी के चलते बड़ी संख्या में लोग निगम कार्यालय पहुंचे और कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने निगम प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर निर्माण की वैधता और अतिक्रमण की स्थिति की जांच कराने तथा नियमों के तहत कार्रवाई करने की मांग की। वहीं, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी की ओर से तीन दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर आगे आंदोलन की चेतावनी दिए जाने की बात सामने आई है।



