कोरबा/बांगो। बांगो थाना क्षेत्र के ग्राम लेपरा से मारपीट और पुलिस कार्रवाई को लेकर गंभीर शिकायत सामने आई है। ग्राम निवासी ने 22 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक कोरबा के नाम आवेदन सौंपकर राजू ठाकुर उर्फ हरनारायण, संदीप ठाकुर और सोनू ठाकुर के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक 20 सितंबर की शाम करीब 6 से 7 बजे गांव में राजू ठाकुर उर्फ हरनारायण अपने साथियों के साथ कुछ लोगों से विवाद और मारपीट कर रहा था। शिकायतकर्ता का कहना है कि वह बीच-बचाव करने पहुंचा, जिसके बाद उसके साथ भी हाथ-मुक्का, लात, डंडे और बेल्ट से मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके मित्र अरुण कंवर के साथ भी मारपीट और कथित तौर पर धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
आवेदन में शिकायतकर्ता ने शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोट लगने का उल्लेख करते हुए कहा है कि घटना के बाद उसने परिजनों के साथ बांगो थाने में शिकायत की, लेकिन आरोपियों के प्रभाव के कारण कार्रवाई नहीं होने का दावा किया।
सबसे गंभीर आरोप—थाने में 8 हजार रुपये मांगने का दावा
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि शिकायतकर्ता और उसके साथियों को सुबह से शाम तक थाने में बैठाकर रखा गया तथा बाद में 8 हजार रुपये थाने में लाने की बात कही गई, ऐसा नहीं करने पर जेल भेजने की बात कहे जाने का दावा किया गया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
मामले को लेकर शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक कोरबा से पूरे घटनाक्रम की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तथा अपनी शिकायत पर उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
अब सवाल यह है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच में क्या सच्चाई सामने आती है और बांगो थाना पुलिस इस पूरे मामले में क्या कार्रवाई करती है?



