SN इंडिया न्यूज
कोरबा। शहर में शोरूम के सामने से एसी का आउटडोर यूनिट चोरी होने के मामले का कोतवाली पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस की जांच केवल चोरी करने वाले आरोपी तक सीमित नहीं रही, बल्कि चोरी के सामान की खरीद-बिक्री की कड़ी तक पहुंचते हुए पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया AC आउटडोर, नगदी और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
मामला हुंडई शोरूम के सामने लगे एसी आउटडोर यूनिट से जुड़ा है। पुलिस के मुताबिक, भदरापारा बाल्को नगर निवासी प्रमोद कुमार यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 21 अक्टूबर 2026 को शोरूम पहुंचने पर सामने लगा AC आउटडोर वहां नहीं मिला। शिकायत के आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 877/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
पूछताछ में सामने आई खरीद-बिक्री की पूरी कड़ी
जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर गुड्डू बरेठ से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने AC आउटडोर चोरी करने और उसे कृष्णा बसोड़ को बेचने की बात बताई। इसके बाद पुलिस कृष्णा बसोड़ तक पहुंची, जहां से चोरी के सामान को आगे सैफ खान उर्फ सोनू खान को बेचे जाने की जानकारी सामने आई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का AC आउटडोर समेत अन्य सामान जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
– गुड्डू बरेठ (23 वर्ष) — शीतला मंदिर के पास, मोतीसागरपारा, कोरबा
– कृष्णा बसोड़ (22 वर्ष) — बसोड़ मोहल्ला, इमलीडुग्गू, कोरबा
– सैफ खान उर्फ सोनू खान (22 वर्ष) — इमलीडुग्गू, गौमाता चौक, कोरबा
पुलिस ने मामले में BNS की धारा 303(2), 317(2) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई की है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
कोरबा पुलिस की इस कार्रवाई से यह भी सामने आया कि चोरी के सामान को खपाने और खरीदने वालों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने जांच का दायरा आगे बढ़ाया और कथित खरीद-बिक्री की कड़ी में शामिल तीनों आरोपियों पर कार्रवाई की


