कोरबा जिले में आगामी 15 नवंबर से पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होनी है। इससे ठीक पहले जिला प्रशासन ने अवैध रूप से धान जमा करने और बिचौलियों द्वारा बिचौलियेगिरी कर धान खपाने की कोशिशों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में कटघोरा क्षेत्र में तीन अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर कुल 250 बोरी मोटा धान जब्त किया गया है।
कलेक्टर और एसडीएम के निर्देश पर हुई कार्रवाई
कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश और कटघोरा एसडीएम विपिन दुबे के मार्गदर्शन में उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने यह औचक कार्रवाई की। जांच के दौरान निम्नलिखित ठिकानों से अवैध धान बरामद किया गया:
* दिलीप अग्रवाल का गोदाम: 75 बोरी धान
* यतीश जायसवाल का गोदाम सह मकान: 50 बोरी धान
* पवन अग्रवाल का गोदाम: 125 बोरी मोटा धान
तीनों स्थानों से कुल 250 बोरी धान जब्त किया गया है।
किसानों के नाम पर लाभ लेने की फिराक में थे बिचौलिए
प्रशासन को आशंका है कि बिचौलिए किसानों के नाम पर समर्थन मूल्य का अवैध लाभ उठाने के लिए पहले से ही धान का बड़े पैमाने पर भंडारण कर रहे हैं। ऐसे अवैध प्रयासों को रोकने के लिए पूरे जिले में सख्त जांच अभियान चलाया जा रहा है।
मंडी अधिनियम के तहत होगी दंडात्मक कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अवैध भंडारण, परिवहन और खरीदी प्रक्रिया में गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जब्त किए गए धान के मामले में मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगे की कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जांच दल में ये रहे शामिल:
इस संयुक्त जांच टीम में कटघोरा तहसीलदार सूर्य प्रकाश केस्कर, मंडी सचिव नारायण पटेल, मंडी सब इंस्पेक्टर आकाश भारद्वाज और दिनेश कुमार प्रमुख रूप से शामिल रहे।
अवैध धान के कारोबार और बिचौलियों की हर पैंतरेबाज़ी पर ‘SN इंडिया न्यूज’ अपनी पैनी नजर बनाए हुए है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.


