जमीन के नीचे तीन ड्रम दबे थे, ड्रमों में भरी थीं नोटों की गड्डियां और गड्डियों में छिपा था एक ऐसा राज, जिसने पूरे गांव को हैरान कर दिया। ड्रम खोलते ही पुलिसवालों की आंखें फटी रह गईं। उनमें 500-500 रुपये के नोटों की सैकड़ों गड्डियां थीं। कुल रकम 3 करोड़ 20 लाख 93 हजार रुपये निकली। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इतनी बड़ी रकम आई कहां से?
यह मामला उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के बरईपुर रामनगर गांव का है। 28 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8 बजे पुलिस ने एक परिवार के घर छापा मारा। पुलिस ने पहले गांव की बिजली कटवाई और फिर 25 से 30 पुलिसकर्मियों के साथ घर में दाखिल हुई। इसके बाद आंगन में खुदाई शुरू कराई गई। कुछ ही देर में जमीन के नीचे दबे तीन ड्रम बरामद हुए।
जांच में सामने आया कि परिवार के बड़े बेटे राजेश ने महज 13 साल की उम्र में कमाने के लिए घर छोड़ दिया था। पहले मुंबई में रिक्शा और टैक्सी चलाई, फिर पुणे की एक कंपनी में नौकरी करने लगा। कुछ साल बाद उसने जूते-चप्पल की दुकान भी खोल ली। साल 2022 में परिवार गांव लौट आया और मकान, दुकानें तथा करीब 22 बीघा जमीन खरीद ली।
वहीं राजेश की पत्नी पुष्पा का कहना है कि उनके पति ने जिंदगीभर मेहनत करके यह पैसा कमाया है। उन्होंने टैक्सी और रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण किया और चार बहनों की शादी भी कराई। पुष्पा का दावा है कि परिवार ने किसी से कर्ज नहीं लिया। अब छापेमारी के बाद परिवार परेशान है और बच्चों की पढ़ाई तक प्रभावित हो रही है।
फिलहाल आयकर विभाग ने बरामद रकम बैंक में जमा करा दी है। पुलिस पैसों के स्रोत की जांच कर रही है। पुणे की मार्शल ट्रेडिंग कंपनी का नाम सामने आने के बाद वहां की पुलिस को भी रिपोर्ट भेजी गई है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जमीन के नीचे छिपे इन करोड़ों रुपयों का असली राज क्या है?
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.


