*कोरबा, 26 नवंबर 2026।* सरकारी राशन दुकानों के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचने वाले चावल की गुणवत्ता को लेकर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है। पाली विकासखंड की उचित मूल्य दुकानों में घटिया चावल वितरण की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही चावल की गुणवत्ता को मंजूरी देने वाले जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित राइस मिलर की भूमिका की जांच कर एफआईआर सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश खाद्य विभाग को दिए हैं।
इस कार्रवाई के बाद सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़े राशन दुकान संचालकों, राइस मिलरों और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही पर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन का साफ संदेश है कि हितग्राहियों को मिलने वाले सरकारी खाद्यान्न की गुणवत्ता में किसी भी तरह की लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
दरअसल, बुधवार 25 नवंबर को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने विभागीय योजनाओं और लंबित मामलों की समीक्षा की। इसी दौरान पाली क्षेत्र की राशन दुकानों में खराब गुणवत्ता वाले चावल वितरण की शिकायत का मामला उठा। कलेक्टर ने खाद्य विभाग को केवल औपचारिक जांच तक सीमित नहीं रहने, बल्कि चावल की गुणवत्ता स्वीकृत करने से लेकर आपूर्ति तक की पूरी प्रक्रिया की पड़ताल कर दोषियों की पहचान करने को कहा।
*डीएमएफ के अधूरे कामों पर भी प्रशासन सख्त*
बैठक में जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) से स्वीकृत विकास कार्यों की धीमी रफ्तार पर भी कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए राशि स्वीकृत होने के बावजूद वर्षों तक निर्माण अधूरा रहना गंभीर लापरवाही है। ऐसे अप्रारंभ और अपूर्ण कार्यों में संबंधित जिम्मेदारों से राशि वसूली के लिए आरआरसी प्रकरण तैयार करने और हर सप्ताह समीक्षा करने के निर्देश एसडीएम को दिए गए। खाद्य विभाग से जुड़े आरआरसी वसूली के मामलों को 15 दिसंबर तक पूरा करने की समय-सीमा भी निर्धारित की गई।
*लंबित शिकायतों का एक सप्ताह में निराकरण*
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री कार्यालय, मुख्यमंत्री जनदर्शन, विभागीय मंत्रियों और आम नागरिकों से प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए। संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर लंबित प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना की समीक्षा करते हुए कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य और पशुधन विकास विभाग को कम उपलब्धि वाले क्षेत्रों में बेहतर काम करने के निर्देश दिए गए। पीएम किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड, प्राकृतिक खेती, मृदा स्वास्थ्य कार्ड और दलहन उत्पादन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति भी जांची गई। उद्यानिकी विभाग को 100 हेक्टेयर का लक्ष्य पूरा करने तथा महिला किसानों को ड्रोन दीदी पहल के तहत प्रशिक्षण देने के लिए कहा गया।
*अतिक्रमण, निर्माण और छात्रवृत्ति के मामलों पर भी निर्देश*
इतवारी बाजार में अतिक्रमण की शिकायत पर एसडीएम को सीमांकन कराने और नगर निगम को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जिला अस्पताल में घटिया निर्माण कार्य से संबंधित शिकायत का संज्ञान लेते हुए भी नगर निगम को कार्रवाई के लिए कहा गया। वहीं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए गए।
कॉलेजों में पढ़ने वाले पात्र एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यक विद्यार्थियों को पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति का लाभ दिलाने के लिए आवेदन प्रक्रिया तेज करने को कहा गया। निर्धारित समय में प्रगति नहीं होने पर संबंधित महाविद्यालयों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
*नशे के खिलाफ जागरूकता और कार्रवाई पर जोर*
ग्रामीण इलाकों में नशामुक्ति को लेकर समाज कल्याण विभाग को जागरूकता रैलियां आयोजित करने की जिम्मेदारी दी गई। वहीं, चीताखोल सहित पर्यटन और पिकनिक स्थलों पर शराब पीकर हंगामा या अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस और आबकारी विभाग को लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा कोरबा विकासखंड के किसी एक गांव को सौर ऊर्जा आधारित बनाने की पहल करने, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का त्वरित निराकरण करने और सेवानिवृत्त शिक्षा विभाग के कर्मचारियों को जीपीएफ की राशि समय पर भुगतान करने को कहा गया। भुगतान में अनावश्यक देरी पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ जांच और कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, वनमंडलाधिकारी प्रेमलता यादव, अपर कलेक्टर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


