कोरबा।* शहर के प्रमुख व्यापारिक केंद्र इतवारी बाजार में मांस, मटन, चिकन और मछली की बिक्री को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन द्वारा वर्षों पहले मांस-मछली की दुकानों के संचालन के लिए अलग स्थान निर्धारित किए जाने के बावजूद कुछ दुकानदारों पर मुख्य बाजार और सार्वजनिक मार्ग पर दुकानें संचालित करने का आरोप लगा है। इस समस्या को लेकर पुरानी बस्ती निवासी रोशन शर्मा ने कोरबा कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपक
र कार्रवाई की मांग की है। हालांकि शिकायत दिए जाने के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने की बात सामने आई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार इतवारी बाजार कोरबा का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में आम नागरिकों, व्यापारियों और आसपास की बस्तियों के लोगों का आना-जाना लगा रहता है। बाजार के मुख्य मार्ग पर किराना दुकानों, सब्जी विक्रेताओं और अन्य व्यवसायियों की दुकानें संचालित होती हैं। ऐसे व्यस्त क्षेत्र में मांस-मटन और मछली की दुकानें संचालित होने से आम लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
*गायत्री मंदिर स्कूल के पीछे निर्धारित है स्थान*
शिकायत में बताया गया है कि आम नागरिकों की सुविधा और बाजार में सुचारु आवागमन को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा पूर्व में मछली और मटन की दुकानों के संचालन के लिए गायत्री मंदिर स्कूल के पीछे स्थान निर्धारित किया गया था। इसके बावजूद कुछ दुकानदारों द्वारा निर्धारित व्यवस्था की अनदेखी कर मुख्य बाजार और आम रास्ते पर ही दुकानें संचालित किए जाने का आरोप है।
*गंदगी, दुर्गंध और आवारा कुत्तों से परेशानी*
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि खुले में मांस की बिक्री और पशुओं के अवशेषों का उचित निपटान नहीं होने से सड़क और नालियों में गंदगी फैल रही है। इससे आसपास दुर्गंध का वातावरण बना रहता है। वहीं मांस के टुकड़ों और अपशिष्ट पदार्थों के कारण आवारा कुत्तों का जमावड़ा भी लगा रहता है। कई बार कुत्तों के आपस में झगड़ने से राहगीरों और स्थानीय नागरिकों में भय का माहौल बनता है।
*स्कूल, मंदिर और गुरुद्वारे के आसपास भी उठे सवाल*
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित क्षेत्र में छोटे बच्चों का स्कूल, मंदिर और गुरुद्वारा भी स्थित हैं। ऐसे सार्वजनिक और व्यस्त स्थान पर खुले तौर पर मांस-मछली की बिक्री होने से धार्मिक एवं सामाजिक भावनाओं के साथ-साथ स्वच्छता और जनसुविधा से जुड़े सवाल भी उठ रहे हैं।
*शिकायत के बाद भी कार्रवाई क्यों नहीं?*
रोशन शर्मा ने कलेक्टर से मांग की है कि प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थान से हटकर संचालित हो रही मांस-मटन और मछली की दुकानों पर रोक लगाई जाए तथा सभी संबंधित दुकानदारों को गायत्री मंदिर स्कूल के पीछे निर्धारित स्थल पर स्थानांतरित किया जाए।
लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब इस संबंध में जिला प्रशासन को लिखित शिकायत दी जा चुकी है, तो अब तक जिम्मेदार विभागों की ओर से कार्रवाई क्यों नहीं की गई? क्या प्रशासन किसी बड़ी अव्यवस्था या जनविरोध के बाद ही जागेगा? फिलहाल इतवारी बाजार के इस मामले में स्थानीय लोगों की निगाहें जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

