कोरबा शहरी क्षेत्र में बदली के बाद भी सिर्फ बौछार पड़ रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में झमाझम बारिश के कारण नदी नाले उफान पर हैं। करतला ब्लॉक के अंतिम छोर में बारिश की वजह से सिवनी से सुखरीकला मार्ग बंद हो गया। इस वजह से लोगों को 5 किमी घूमकर जाना पड़ रहा है।
मौसम विभाग ने बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। कई क्षेत्रों में गरज चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना भी जताई है। पाली क्षेत्र में भी झमाझम बारिश हुई है। बरपाली तहसील के कई गांव में झमाझम बारिश के कारण नदी नाले उफान पर आ गए हैं। सिवनी से सुखरीकला मार्ग पर जमड़ी नाला पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण आवाजाही प्रभावित रही। दोपहर से लेकर शाम तक तेज बारिश होती रही। खेतों में भी पानी भरने से काम प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी कई क्षेत्रों में तेज बारिश होने की संभावना है। अभी तापमान 30 डिग्री पर बना हुआ है इसमें तीन डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है।



