कोरबा. शहर में चरस बेचने की फिराक में घूम रहे दो युवक को पुलिस ने पकड़ा है। इनके कब्जे से 16.8 ग्राम चरस भी पुलिस ने बरामद किया है। चरस तस्करी में संलिप्त दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की कार्रवाई की है।
एसपी सिद्धार्थ तिवारी के नेतृत्व में जिले की पुलिस नशे के खिलाफ मुहिम छेड़ रखा है। पुलिस के अनुसार टीपी नगर क्षेत्र में चरस की अवैध बिक्री की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम ने दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने टीपी नगर निवासी कुणाल सलूजा (24) व तुषार लालवानी के कब्जे से 16.8 ग्राम चरस जब्त किया है।
इसे खपाने से पहले पुलिस की कार्रवाई से आरोपियों की मंशा फेल हो गई है। आरोपियों की तलाश के दौरान चरस के साथ इसकी बिक्री का लेखा-जोखा दर्ज एक डायरी, रोलिंग पेपर और फिल्टर टिप जैसा आपत्तिजनक सामान भी मिला है। सिविल लाइन थाना में पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की कार्रवाई की गई है। कोरबा पुलिस ने लोगों से आग्रह किया है कि वे नशे के खिलाफ इस सख्त अभियान में पुलिस का सहयोग करें।


