कोरबा : शिक्षा का मंदिर जहां नन्हें मुन्नों को अक्षर ज्ञान के साथ स्वस्थ भविष्य का सपना दिया जाता है, वहीं कोरबा ब्लॉक के लेमरू गांव का सरकारी प्राथमिक स्कूल आज भूख की मार झेल रहा है। यहां संचालित मध्याह्न भोजन योजना विभागीय लापरवाही की भेंट चढ़ गई हैस्कूल के प्रधानपाठक चन्द्रलाल शांडिल्य पिछले कई दिनों से बच्चों को भूखा न रहने देने की जद्दोजहद में जुटे हुए हैं। विभाग से खाद्यान्न नहीं मिलने के कारण वे बाजार और गांव से उधार चावल लेकर बच्चों का पेट भर रहे हैं। अब तक वे करीब 50 किलो चावल उधारी में ले चुके हैं।
इस स्कूल में करीब 40 बच्चे पढ़ते हैं, जिनके लिए रोज मध्याह्न भोजन बनता है। बच्चों की भूख और उनकी मासूम आंखों की उम्मीदों को देखते हुए प्रधानपाठक ने हार नहीं मानी। लेकिन सवाल यह है कि जब शासन की सबसे अहम योजनाओं में से एक मध्याह्न भोजन योजना बच्चों के लिए चलाई जा रही है, तो आखिर उसकी आपूर्ति क्यों ठप है?





















