कोरबा पाली ब्लॉक के ग्राम पंचायत ईरफ में सुशासन तिहार पर मंगलवार को जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। जिले के प्रभारी सचिव डॉ. रोहित यादव ने शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा ग्रामीणों को अपने काम के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाना पड़े और प्रशासन स्वयं उन तक पहुंचे, इसके लिए शिविर लगाई जा रही है।
समाधान योजना से 28 लाख परिवारों के 900 करोड़ के बकाया बिजली बिल माफ होंगे। योजना के दायरे में आने वाले बिजली उपभोक्ता पंजीयन कराकर सरचार्ज माफी प्राप्त कर सकते हैं। मूल राशि को किश्तों में जमा करने का विकल्प भी है।
प्रभारी सचिव डॉ. यादव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभान्वित किया जाए। उन्होंने कहा कि अत्यधिक बकाया के कारण कटे हुए बिजली कनेक्शन समाधान योजना से पुनः शुरू करा सकते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से बिजली एप और बिल रीडर के माध्यम से इस योजना का लाभ उठाने की अपील की।
सोलर पैनल लगाने पर शासन सब्सिडी दे रही है। इससे न केवल घर का बिजली बिल शून्य होगा, बल्कि अतिरिक्त बिजली को ग्रिड को बेचकर ग्रामीण अपनी आय भी बढ़ा सकेंगे। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने शिविर में स्वास्थ्य और महिला कल्याण की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा मातृत्व वंदना योजना से पात्र महिलाओं को आंगनवाड़ी के माध्यम से पंजीयन कराने पर 6 हजार रुपए की राशि सीधे बैंक खाते में दी जा रही है। शिविर में आयुष्मान कार्ड और किसान क्रेडिट कार्ड बनाने के लिए विशेष काउंटर भी लगाए गए।



