कोरबा। कटघोरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत विजयपुर में नदी से कथित अवैध रेत निकासी को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया है। ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार रेत निकाले जाने के कारण नदी के रास्ते में जगह-जगह गहरे गड्ढे और कीचड़ बन गए हैं, जिससे स्कूली बच्चों, शिक्षकों और ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों के मुताबिक विजयपुर पंचायत के नदी पार कई मोहल्ले बसे हुए हैं। यहां के लोगों और स्कूली बच्चों को रोजाना इसी नदी मार्ग से आना-जाना पड़ता है। उनका आरोप है कि नदी में पानी कम होते ही रेत निकासी शुरू हो जाती है। खुदाई के चलते नदी मार्ग की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।
बारिश में बढ़ सकती है परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि फिलहाल गड्ढों और कीचड़ के कारण आवागमन प्रभावित है, जबकि बारिश के दौरान नदी में पानी बढ़ने पर स्थिति और अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकती है। बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी ग्रामीणों ने चिंता जताई है।
कलेक्टर से जांच और कार्रवाई की मांग
मामले को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्टर को शिकायत आवेदन सौंपकर विजयपुर नदी में रेत निकासी की जांच कराने, यदि गतिविधि अवैध पाई जाए तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने तथा नदी मार्ग को आवागमन योग्य बनाने की मांग की है।
अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन विजयपुर नदी में रेत निकासी के आरोपों की जांच कर ग्रामीणों की परेशानी का समाधान करेगा? ग्रामीणों की शिकायत के बाद प्रशासनिक कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।



