रायपुर। राजधानी में एक सर्राफा कारोबारी के लग्जरी वाहनों के काफिले के साथ पुलिस की सफेद स्कॉर्पियो चलने का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो में कारोबारी कार्तिक गिरि के काफिले के आगे पुलिस वाहन दिखाई दे रहा है। वहीं, काफिले में शामिल कुछ लोग चलती गाडिय़ों की खिड़कियों से बाहर निकलकर स्टंट करते नजर आ रहे हैं। इस घटनाक्रम ने पुलिस की कार्यप्रणाली और सरकारी संसाधनों के इस्तेमाल को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वीडियो सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि एक निजी कारोबारी के काफिले के साथ पुलिस वाहन किस आधार पर लगाया गया था। क्या कारोबारी को किसी तरह का सुरक्षा खतरा था? क्या इसके लिए विभाग की ओर से सुरक्षा आकलन किया गया था और सक्षम अधिकारी की अनुमति ली गई थी?
आमतौर पर पुलिस वाहन और जवानों की तैनाती कानून-व्यवस्था, वीआईपी सुरक्षा और अधिकृत सुरक्षा जरूरतों के लिए की जाती है। ऐसे में निजी काफिले के आगे पुलिस वाहन की मौजूदगी ने इसकी आधिकारिक प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


