कोरबा : पंडरीपानी गांव के एक युवा ठेकेदार ने सीएसईबी कर्मी और ट्रांसपोर्ट कंपनी के कर्मचारियों पर अपहरण कर मारपीट करने और अधमरा हालत में सड़क किनारे फेंकने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस जांच कर रही है।
सिविल लाइन थाना अंतर्गत पंडरीपानी गांव निवासी इंद्रपाल सिंह कंवर ठेकेदारी करता है। उसने सीएसईबी कर्मी नंदू पटेल समेत राखड़ ट्रांसपोर्ट कंपनी के सुपरवाइजर और उनके साथी दुरेंद्र पटेल और राजू पटेल के खिलाफ पुलिस से शिकायत की है। इंद्रपाल सिंह के मुताबिक वह रविवार को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत गांव में दुखनी बाई के मकान की नापी कर रहा था। इस दौरान वहां नंदू पटेल समेत अन्य लोग पहुंचे। वे बिना किसी कारण के उसपर हमला कर दिया। मारपीट करते हुए उसे स्कार्पियो में बैठाकर ले गए। रास्ते में उसका चेहरा कपड़े से ढंककर लगातार मारपीट की गई।
उसे शारदा विहार स्थित एक दफ्तर में लाया गया, वहां फिर उससे मारपीट की गई। अधमरा होने पर उसे ढेलवाडीह ले जाकर वहां मुख्य मार्ग के किनारे फेंक दिया। साथ ही घटना की शिकायत करने पर ट्रक से कुचलकर जान लेने की धमकी दी। मामले में सिविल लाइन पुलिस जांच कर रही है। इंद्रपाल ने बताया कि पूर्व में उसने गोढ़ी स्थित सीएसईबी राखड़ बांध में हो रही गड़बड़ियों को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें सीएसईबी कर्मी नंदू पटेल की गतिविधियों का जिक्र किया था। संभवत: उसी वजह से उसके साथ घटना को अंजाम दिया है।




















