नई दिल्ली। मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में शुक्रवार शाम अज्ञात आतंकियों ने अर्धसैनिक बल के वाहन पर घात लगाकर हमला कर दिया। इस हमले में असम राइफल्स के दो जवान शहीद हो गए, जबकि पांच जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
अधिकारियों के अनुसार, घटना नाम्बोल सबल लेइकाई इलाके की है। जानकारी के मुताबिक, असम राइफल्स के जवान इंफाल से बिष्णुपुर की ओर जा रहे थे, तभी अज्ञात बंदूकधारियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
हमले के तुरंत बाद स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र को घेरकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।





















