छत्तीसगढ़ के सरगुजा में शादीशुदा गर्लफ्रेंड से आधी रात को मिलने आए बॉयफ्रेंड को परिजनों ने पकड़ लिया। परिवार के लोगों ने दोनों के हाथ-पैर बांधकर जमकर पिटाई कर दी। अब सामाजिक बैठक के बाद महिला को उसके प्रेमी के साथ भेज दिया गया है। मामला लखनपुर थाना क्षेत्र का है।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक-युवती का शादी से पहले ही अफेयर चल रहा था। किसी वजह से उनकी शादी नहीं पाई। लेकिन दोनों ने बात करना बंद नहीं किया। बीच-बीच में दोनों मुलाकात भी करने लगे। हालांकि, शिकायत नहीं किए जाने पर लखनपुर पुलिस ने कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं किया है।

जानिए क्या है पूरा मामला?
दरअसल, सूरजपुर जिले के तेलई कच्छार का रहने वाला शुभम राजवाड़े (24) सोमवार की रात अपनी शादीशुदा प्रेमिका (21) से मिलने उसके ससुराल पहुंचा था। महिला का पति बाहर गया हुआ था। लेकिन प्रेमी जब प्रेमिका से मिलने घर में घुसा तो घरवालों को इसकी भनक लग गई।
घरवालों ने दोनों को पकड़ लिया। दोनों के हाथ-पैर बांधकर जमकर पिटाई कर दी। एक साथ बांधकर दोनों को घर में रखा। जानकारी के मुताबिक लड़की अंबिकापुर की रहने वाली है। एक साल पहले उसकी लखनपुर क्षेत्र में शादी हुई थी।
सामाजिक बैठक में प्रेमी के हवाले प्रेमिका
इस मामले को लेकर मंगलवार को सामाजिक बैठक हुई। पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई। सामाजिक बैठक में तय हुआ कि, प्रेमिका को उसके प्रेमी के हवाले कर दिया जाए। बताया गया है कि प्रेमी भी शादीशुदा है। दोनों के बीच शादी से पहले से प्रेम संबंध था, लेकिन किसी कारण वश दोनों की शादी नहीं हो सकी। दोनों की अलग-अलग जगह शादी हो गई।


