राजनांदगांव। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महतारी एक्सप्रेस से 16 पेटी अवैध शराब जब्त की है। यह कार्रवाई रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात करीब दो बजे की गई। मामले में पुलिस ने वाहन चालक इन्द्र कुमार उर्फ राहुल साहू (25) को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपित महाराष्ट्र के खेड़ेपार से शराब लेकर कल्लूटोला जा रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि यह शराब नागेश कतलाम नामक व्यक्ति को पहुंचानी थी और इसके बदले उसे दो हजार रुपये मिलते। आरोपी ने कबूल किया कि यह दूसरी बार है जब वह इस तरह की तस्करी कर रहा था।
पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 34(2) और 36 आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। हैरानी की बात यह है कि महतारी एक्सप्रेस में जीपीएस मॉनिटरिंग सिस्टम लगा होने के बावजूद वाहन चालक दूर महाराष्ट्र तक चला गया और वहां से शराब लेकर लौटा।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने महतारी एक्सप्रेस के पोर्टल पर इवेंट अपलोड करने में फर्जीवाड़ा किया था। इसमें उसे अपने साथी की मदद मिली। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।


