कोरबा शहर के रिहायशी क्षेत्र में मकान किराए पर देखने के बहाने पहुंचे दो युवकों ने एक मकान में घुसकर युवक पर हमला करते हुए लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। पुलिस मामले में जांच कर रही है। घटना सिविल लाइन थाना व मानिकपुर चौकी के बीच स्थित शिवाजी नगर-आरएसएस नगर के राठौर स्ट्रीट के एक मकान में शुक्रवार शाम हुई, जहां दो युवक मकान किराए पर देखने के बहाने पहुंचे थे। मकान में मौजूद युवक दिनेश सिंह उन्हें अंदर कमरा दिखाने ले गया। इस दौरान एकाएक उक्त युवकों ने उसपर हमला कर दिया। उन्होंने मारपीट करते हुए किसी नुकीली वस्तु से युवक के गले पर वार किया।
युवक खुद को बचाने की कोशिश करने लगा और बदमाश वहां से सामान लूटकर भाग निकले। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन सिविल लाइन और मानिकपुर पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। जानकारी जब उच्च पुलिस अधिकारियों को मिली तो सीएसपी भूषण एक्का मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने मामले में जांच-पड़ताल शुरू की। घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया।



