बिलासपुर (छत्तीसगढ़)। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने बिलासपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सीपत तहसील के नायब तहसीलदार देश कुमार कुर्रे को 50 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। अधिकारी ने किसान से उसकी मां की मृत्यु के बाद भौती रिकॉर्ड दर्ज कराने के बदले 1 लाख 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी।
ACB के बिलासपुर डीएसपी अजितेश सिंह ने बताया कि 30 अक्टूबर को ग्राम बिटकुला निवासी किसान प्रवीण पाटनवार ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में किसान ने बताया कि उसकी मां के नाम पर लगभग 21 एकड़ कृषि भूमि है, जिसमें फौती दर्ज कर जमीन के रिकॉर्ड में उसका और उसके भाई-बहनों का नाम जोड़ना था। इस कार्य के लिए नायब तहसीलदार देश कुमार कुर्रे ने 1 लाख 50 हजार रुपए की मांग की थी।
किसान ने भ्रष्टाचार की शिकायत ACB में कर दी, जिसके बाद टीम ने सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान नायब तहसीलदार ने 1 लाख 20 हजार रुपए में काम करने की सहमति दी।
रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया अधिकारी
सोमवार को किसान ने नायब तहसीलदार को पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपए देने की योजना बनाई। नायब तहसीलदार ने किसान को एनटीपीसी के कॉफी हाउस बुलाया, जहां पहले से मौजूद ACB की टीम ने उसे रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
ACB अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।




