जशपुर – नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जशपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने शनिवार 29 नवंबर को थाना लोदाम क्षेत्र में दो ट्रकों से भारी मात्रा में अवैध गुटखा बरामद किया है। बरामद गुटखा की मात्रा 200 बोरी बताई जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि दो ट्रकों में अवैध रूप से गुटखा का परिवहन किया जा रहा है। जानकारी के आधार पर लोदाम थाना क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी कर अशोक लीलेंड ट्रक क्रमांक UP 78–0511 और UP 78–KT 7986 को रोककर तलाशी ली। जांच में दोनों वाहनों में 100–100 बोरी गुटखा पाया गया। पुलिस द्वारा जब ट्रकों के कागजात और बिल्टी की जांच की गई, तो माल की बिल्टी संख्या और वाहन संख्या में स्पष्ट अंतर पाया गया। प्राथमिक जांच में यह तथ्य सामने आया कि गुटखा का परिवहन संदिग्ध और संभवतः अवैध है। इस आधार पर पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 106 के तहत पूरे माल को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसएसपी ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्यवाही लगातार जारी रहेगी। जिले में गुटखा और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.


