कोरबा एकता, नशा मुक्ति, प्रदूषण से बचाव, स्वास्थ्य व स्वच्छ वातावरण का संदेश देने रविवार को शहरवासी वॉकथॉन का हिस्सा बने। यह आयोजन न्यू कोरबा हॉस्पिटल (एनकेएच) द्वारा किया गया था। जिसका शुभारंभ सुबह घंटाघर चौक से होकर एनकेएच परिसर कोसाबाड़ी पहुंचकर पूर्ण हुआ। शहरवासियों ने पैदल चलकर स्वास्थ्य के प्रति जागरुकता का संदेश दिए।
वॉकथॉन का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, सीएसपी कोरबा भूषण एक्का, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष अमरजीत सिंह, राज्य सचिव स्काउट एंड गाइड जितेंद्र साहू एवं एनकेएच ग्रुप डायरेक्टर डॉ. एस चंदानी ने गुब्बारे उड़ाकर की। वॉकथॉन में शामिल लोगों के अस्पताल पहुंचने पर उनका निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जिसमें शुगर, बीपी एवं सामान्य स्वास्थ्य जांच विशेषज्ञ चिकित्सकों ने की। अतिथियों ने कहा कि एनकेएच हमेशा से स्वास्थ्य सेवाओं में अग्रणी रहा है।
वॉकथॉन जैसी पहल लोगों को नशा मुक्ति, प्रदूषण से बचाव तथा पैदल चलने की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित करती है। एनकेएच के डायरेक्टर डॉ. एस चंदानी ने कहा कि कोरबा ने उन्हें बहुत कुछ दिया है और वे चाहते हैं कि कोरबावासी बिना दवाइयों के स्वस्थ रहें। इसी उद्देश्य से यह आयोजन किया गया। एडवांस डायग्नोसिस सेंटर की डायरेक्टर डॉ. वंदना चंदानी ने भी लोगों की भारी भागीदारी पर आभार व्यक्त किया और कोरबा में अपने स्वास्थ्य को लेकर हर कोई चिंतित और परेशान है। कार्यक्रम में भाग लेने वाले पहले 300 लोगों को टी-शर्ट एवं प्रमाणपत्र वितरित किया गया।
आयोजन को सफल बनाने में बजरंग दल कोरबा का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर जिला संगठक एनएसएस वायके तिवारी, भाजपा जिला मंत्री विवेक मारकंडे, केएन कॉलेज के कार्यक्रम अधिकारी गोविंद माधव उपाध्याय, पोषण विशेषज्ञ निधि अग्रवाल, योगा इंस्ट्रक्टर सचिन विश्वकर्मा सहित डॉक्टर, जनप्रतिनिधि, व्यवसायी, छात्र एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में माउथ कैंसर से उबर रहे अशोक राठौर को नशा मुक्ति जागरूक नागरिक के रूप में सम्मानित किया गया। साथ ही 83 वर्षीय श्याम मरकाम, जिन्होंने पूरे उत्साह के साथ शुरुआत से समापन तक वॉकथॉन में सहभागिता निभाई, को भी सम्मानित किया गया। अंत में स्वस्थ जीवन की ओर कदम नशा मुक्ति जागरूकता की शपथ ली गई।


