कोरबा शहर से लगभग 8 किलोमीटर दूर एक नर दंतैल हाथी के देखे जाने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। वन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बालको से कॉफी पॉइंट की ओर जाने वाले मार्ग को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया है। यह घटना 6 दिसंबर, शनिवार को हुई।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह हाथी अपने झुंड से बिछड़ गया है, जिसके कारण यह आक्रामक व्यवहार कर रहा है।
हाथी वर्तमान में बालको क्षेत्र के फुटामूढा और केसला गांवों के आसपास घूम रहा है। शहर से इसकी निकटता को देखते हुए वन विभाग ने शहर में हाथी के प्रवेश की आशंका पर गंभीर चेतावनी जारी की है।
विभाग ने बालको-कॉफी पॉइंट मार्ग को किया सील
विभाग ने बालको-कॉफी पॉइंट मार्ग को पूरी तरह सील कर दिया है और लोगों को उस क्षेत्र में जाने से रोका जा रहा है। वन विभाग की टीमें हाथी पर लगातार नज़र रख रही हैं और उसे आबादी वाले इलाकों से दूर जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास कर रही हैं।
बालको कॉफी प्वाइंट नाका के पास एक सूचना बोर्ड लगाया गया है, जो लोगों को आवाजाही से रोक रहा है। विभाग ने प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों से भी सतर्क रहने की अपील की है।

हाथी के विचरण क्षेत्र में न जाने की अपील
वन विभाग ने कोरबा और बालको क्षेत्र के निवासियों से सुरक्षा कारणों से प्रतिबंधित मार्गों का उपयोग न करने और हाथी के विचरण क्षेत्र में न जाने की अपील की है। स्थानीय लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि या हाथी की जानकारी तुरंत वन विभाग को देने का आग्रह किया गया है। शहर में हाथी के प्रवेश की संभावना के मद्देनजर विभाग ने अपनी सतर्कता बढ़ा दी है।
कॉफी प्वाइंट पर परिवार के साथ घूमने जा रहे अतुल यादव ने बताया कि हाथी के विचरण की सूचना मिलने के बाद वे वापस घर लौट रहे हैं।


