कोरबा शहर के सबसे बिजी बुधवारी बाजार क्षेत्र में पहली बार वीआईपी रोड और घंटाघर रोड के किनारे का हिस्सा अतिक्रमण मुक्त किया गया है। नगर निगम ने अभियान चलाकर ठेले-गुमटी हटाए। यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय के नेतृत्व में स्वच्छता सर्वेक्षण और सौंदर्यीकरण कार्य के तहत की गई है।
विशेष रूप से सीएसईबी चौक से बुधवारी बाजार होते हुए वीआईपी रोड, आईटीआई चौक, कोसाबाड़ी चौक से घंटाघर होते हुए महाराणा प्रताप चौक तक के हिस्से को संवारा जा रहा है। इस सौंदर्यीकरण कार्य में बुधवारी बाजार के आसपास लंबे समय से मौजूद अतिक्रमण बाधा बन रहा था।

दुकानदार सड़क पर सजा रहे थे सामान
बुधवारी बाजार के दोनों ओर वीआईपी रोड और घंटाघर रोड के किनारों पर ठेले-गुमटी लग गए थे। बाजार के अंदर दुकानें आवंटित होने के बावजूद कई व्यापारी सड़क पर सामान सजा रहे थे, जिससे आवागमन बाधित हो रहा था। नगर निगम ने अतिक्रमण रोकने के लिए बाजार के दोनों ओर बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराया था। काम पूरा होने के बाद, कुछ दिन पहले फुटओवर ब्रिज की ओर से अतिक्रमण हटाया गया।
सड़कें चौड़ी होने से लोगों को मिल रही राहत
अब वीआईपी रोड की ओर जाने वाले मोड़ के पास सड़क किनारे से ठेले-गुमटी हटाकर उस एरिया को अतिक्रमण मुक्त किया गया है।इस सख्त कार्रवाई के बाद बुधवारी क्षेत्र में लगने वाले जाम, अव्यवस्थित पार्किंग और सड़कों के संकरे होने की समस्या से लोगों को राहत मिलने लगी है।

जिनके शॉप हटाए गए, दुकान आबंटन में उन्हें प्राथमिकता
नगर निगम आयुक्त प्रभाकर पांडेय ने बताया कि शहर के हार्ट प्लेस घंटाघर के पास सड़क किनारे अवैध रूप से लगे ठेले, गुमटी और दुकानों को हटाया गया है। इसके अतिरिक्त, मिनीमाता कॉलेज के पास संचालित पान ठेले को भी कोप्टा एक्ट के तहत हटा दिया गया है। हटाए गए इन व्यापारियों का नाम-पता दर्ज कर लिया गया है। भविष्य में दुकान आवंटन होने पर इन्हें प्राथमिकता दी जाएगी।
चिन्हित जगहों पर लगेगा CCTV कैमरा
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि उन स्थानों को चिह्नित किया जा रहा है जहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा होता है। इन जगहों पर कैमरे लगवाए जाएंगे और पुलिस के साथ मिलकर काम किया जाएगा। कैमरे लगाने के लिए एस्टीमेट तैयार हो चुका है।




















