अकलतरा अपडेट | 26 जुलाई 2026
अकलतरा निवासी एक राइस मिल संचालक को डोमिनोज़ की फ्रेंचाइजी दिलाने का झांसा देकर ₹2.65 लाख की ऑनलाइन ठगी करने का मामला सामने आया है। मामले में दिल्ली से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। जांच में आरोपी के खिलाफ अन्य राज्यों में भी इसी प्रकार की साइबर ठगी के मामले सामने आए हैं।
जानकारी के अनुसार, अकलतरा निवासी संस्कार अग्रवाल (24) ने डोमिनोज़ की फ्रेंचाइजी लेने के लिए इंटरनेट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया था। आवेदन के कुछ समय बाद स्वयं को कंपनी का प्रतिनिधि बताने वाले निखिल तिवारी नामक व्यक्ति ने फोन कर फ्रेंचाइजी पंजीयन के नाम पर ₹2,65,500 जमा कराने को कहा।
10 अप्रैल 2026 को पीड़ित ने बताए गए बैंक खाते में पूरी राशि ऑनलाइन ट्रांसफर कर दी। इसके बाद जब उन्होंने डोमिनोज़ के अधिकारियों से संपर्क कर जानकारी ली, तब पता चला कि उनके नाम से कोई फ्रेंचाइजी पंजीकृत ही नहीं हुई है। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
जांच के दौरान जिस बैंक खाते में राशि भेजी गई थी, उसके आधार पर आरोपी की पहचान ललित कश्यप (40) निवासी मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश), वर्तमान पता पुल प्रहलादपुर, दिल्ली के रूप में हुई। पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ जबलपुर साइबर थाना में भी डोमिनोज़ फ्रेंचाइजी के नाम पर ₹2.65 लाख की ठगी का मामला दर्ज है। इसके अलावा उसके बैंक खाते पर विभिन्न राज्यों से प्राप्त ऑनलाइन ठगी की शिकायतों के आधार पर होल्ड लगाया गया है। पुलिस अन्य राज्यों से जुड़े मामलों की भी जांच कर रही है।




