जांजगीर-चांपा, 17 मार्च 2026। सड़क सुरक्षा को लेकर छत्तीसगढ़ पुलिस की यातायात शाखा ने विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की है। अभियान के दौरान मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाकर परिवहन करने वाले तीन पिकअप चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 15,900 रुपए का समन शुल्क वसूला गया।
यातायात पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान ऐसे वाहनों पर विशेष निगरानी रखी गई, जो नियमों का उल्लंघन करते हुए मालवाहक वाहनों में लोगों को बैठाकर यात्रा करवा रहे थे। जांच के दौरान तीन पिकअप वाहन चालकों को मालवाहक वाहन में सवारी ढोते हुए पाया गया, जिसके बाद मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मालवाहक वाहन केवल सामान के परिवहन के लिए होते हैं। इनमें सवारी बैठाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह यात्रियों की जान को भी खतरे में डालता है।
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि दुर्घटनाओं से बचने के लिए मालवाहक वाहनों में यात्रा न करें और न ही ऐसे वाहनों में सवारी बैठाएं। थोड़ी सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए सभी नागरिक यातायात नियमों का पालन करें।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि आगे भी सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे उल्लंघनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में निरीक्षक रामकुमार जैन, निरीक्षक सुभाष चौबे, एएसआई राजेंद्र सिंह क्षत्रिय, आरक्षक धर्मेंद्र तिवारी, राजू शर्मा, सुनील राजपूत, पुरुषोत्तम राजपूत और सैनिक राजेंद्र राठौर का सराहनीय योगदान रहा।


