रायपुर। छत्तीसगढ़ में पड़ रही भीषण गर्मी और लू को देखते हुए स्कूल शिक्षा विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। राज्य शासन ने ग्रीष्मकालीन अवकाश की तारीखों में संशोधन करते हुए अब 20 अप्रैल 2026 से 15 जून 2026 तक सभी स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी हैं।
यह आदेश प्रदेश के सभी शासकीय, अनुदान प्राप्त, गैर अनुदान प्राप्त और निजी स्कूलों पर लागू होगा। इससे पहले अवकाश 1 मई से शुरू होना तय था, लेकिन लगातार बढ़ते तापमान और छात्रों के स्वास्थ्य पर पड़ रहे असर को देखते हुए इसे पहले लागू किया गया है।
हालांकि, यह आदेश शिक्षकों पर लागू नहीं होगा और उन्हें पूर्व निर्धारित निर्देशों के अनुसार कार्य करना होगा।
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि प्रदेश में लू और अत्यधिक गर्मी के कारण बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
सरकार के इस फैसले से छात्रों और अभिभावकों को बड़ी राहत मिली है।


