कोरबा जिले के उरगा-हाठी मुख्य मार्ग पर भैसमा स्थित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के पास बनाया गया ब्रेकर अब लोगों के लिए परेशानी नहीं बल्कि खतरे का कारण बन गया है। अवैज्ञानिक तरीके से बने इस ब्रेकर के कारण सड़क पर लगातार धूल का गुबार उड़ रहा है, जिससे वाहन चालकों को आगे का रास्ता तक दिखाई नहीं दे रहा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिना किसी तकनीकी मापदंड और बिना चेतावनी संकेत (साइन बोर्ड) के यह ब्रेकर बना दिया गया है। तेज रफ्तार में आने वाले वाहन अचानक ब्रेकर से टकराकर असंतुलित हो रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इस ब्रेकर का निर्माण किसकी अनुमति से किया गया? क्या संबंधित विभाग ने इसकी जांच की? यदि किया तो फिर यह खामी कैसे रह गई? यदि नहीं किया गया, तो जिम्मेदारी किसकी है?
क्षेत्र के नागरिकों का कहना है कि धूल इतनी अधिक उड़ती है कि दिन में भी दृश्यता कम हो जाती है। दोपहिया वाहन चालक और पैदल राहगीर सबसे ज्यादा जोखिम में हैं। इसके बावजूद प्रशासन पूरी तरह चुप्पी साधे हुए है।
यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। अब देखना यह है कि प्रशासन कब जागता है और इस लापरवाही पर क्या कार्रवाई करता है। जितेन्द्र महंत कि रिपोर्ट






